Friday, December 31, 2021

पत्नी से विवाद के बाद स्वास्थ्य कर्मी ने फांसी लगाकर दे दी जान

जौनपुर। जौनपुर के बक्शा थाना क्षेत्र के मई गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद उपाध्याय का पुत्र सौरभ उर्फ नितिन उपाध्याय (35) नौपेड़वा सीएचसी अस्पताल पर स्वास्थ्यकर्मी के रूप में आयुष्मान कार्ड बनाने का काम करता था। गुरुवार सुबह ही सौरभ अपनी पत्नी वंदना को वाराणसी स्थित मायके में पहुंचा कर शाम को घर आया था। रात में पत्नी से मोबाइल पर चैटिंग के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पति-पत्नी के बीच तनातनी इस कदर बढ़ी कि सौरभ ने खुद को खत्म करने की चेतावनी दे दी। 

      थोड़ी ही देर बाद बंद कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर झूल गया। उधर, वंदना ने इस बात की सूचना सौरभ के साथियों और परिजनों को दी। सौरभ के कई साथी आननफानन उसके घर पहुंचे। कमरे के बाहर से आवाज लगाई तो कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका में पिता राजेंद्र उपाध्याय की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का दृश्य देख लोग सकते में आ गए। परिजनों में कोहराम मच गया। रात में ही पत्नी वंदना अपने परिजनों के साथ पहुंची। 

     मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह ने शव को कब्जे में लिया। शुक्रवार को थानाध्यक्ष ने बताया की शव को पोस्टमार्टम के भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्यवाही होगी।

Thursday, December 30, 2021

नहीं टाले जाएंगे UP चुनाव! आयोग बोला- सभी दल चाहते हैं समय पर ही हो यूपी विधानसभा चुनाव

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव समय पर ही होंगे, इसके संकेत यूपी दौरे पर आए मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा ने दे दिया है. आयोग ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सभी दलों ने समय पर ही चुनाव कराने की मांग की की है. यूपी चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करने के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने हमसे मुलाकात की और हमें बताया कि सभी कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए समय पर ही विधानसभा चुनाव कराए जाने चाहिए. तीन दिनों तक समीक्षा करने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव आयोग ने कहा कि 5 जनवरी को फाइनल वोटर लिस्ट आएगी. उत्तर प्रदेश में 52 फीसदी नए वोटर और महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ी है. सभी राजनीतिक दल समय पर चुनाव के पक्ष में हैं. बता दें कि अगले साल फरवरी-मार्च के बीच विधानसभा चुनाव होने हैं.


*चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस की अहम बातें:*


मतदाता जागरूकता और सुरक्षा व्यवस्था संबंधी सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर बातचीत की गई

जीएसटी, एनफोर्समेंट डायरेक्टरेट समेत तमाम विभागों से बातचीत की गई

प्रमुख सचिव डीजी पुलिस हेल्थ सेक्रेट्री से भी मुलाकात की है

सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने कोविड-19 प्रोटोकॉल के पालन से समय पर चुनाव होने की बात कही

कुछ राजनीतिक दलों ने रैलियों में कोरोना के उल्लंघन का भी जिक्र किया

पोलिंग बूथों पर महिला पुलिस कर्मियों की पर्याप्त व्यवस्था की बात कही

प्रशासन के पक्षपाती रवैया की भी राजनीतिक पार्टियों ने शिकायत की

कुछ राजनीतिक पार्टियों ने उनकी पार्टियों की रैलियों पर रोक लगाने का भी जिक्र किया

रैलियों में हेट स्पीच और पेड न्यूज़ पर भी चिंता जाहिर की

भारत निर्वाचन आयोग ने राजनीतिक पार्टियों के सभी बिंदुओं पर विचार विमर्श किया है


*आयोग ने और क्या-क्या कहा*


80 वर्ष से अधिक और दिव्यांग मतदाताओं को घर बैठे बैलेट पेपर से वोट देने की अनुमति मिलेगी

सभी पोलिंग बूथों पर मतदान संबंधित सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए

यूपी के 800 पोलिंग बूथ ऐसे होंगे जहां पर सभी कर्मचारी महिला ही होंगे

महिला सशक्तिकरण के लिहाज से चुनाव आयोग एक बड़ा कदम उठा रहा है

11 तरह के पहचान पत्रों के जरिए मतदाता मतदान कर सकेंगे

उत्तर प्रदेश का पूरा चुनाव ईवीएम वीवीपट के थ्रू ही होगा

यूपी में 1 लाख पोलिंग बूथों पर वेबकास्टिंग कराई जाएगी

मतदान प्रतिशत को बढ़ाने के लिए आयोग प्रयास कर रहा है

यूपी में 86 परसेंट लोगों को पहली डोज और 49% लोगों को दोनों डोज़ लग चुकी हैं

पोलिंग बूथ पर ड्यूटी पर लगाए गए सभी अफसर 100% वैक्सीनेटेड होंगे

मतदान के समय में एक घंटा बढ़ाया जाएगा

सुबह 8:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक मतदान कर सकेंगे लोग

3 साल तक एक ही जगह पर जमे हुए अफसरों के होंगे तबादले

सी विजिल ऐप के जरिए चुनाव में गड़बड़ियों पर नजर रखी जाएगी

आपराधिक छवि के लोगों को चुनाव लड़ने से पहले अपने बारे में अखबारों और टीवी के माध्यम से जानकारी देनी होगी

अपने ऊपर दर्ज मुकदमों के बारे में जनता को बताना होगा

Wednesday, December 29, 2021

ओमिक्रॉन का कहर जारी! यहां सरकार ने लगाया लॉकडाउन, पीएम ने की घोषणा

 कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन को देखते हुए नीदरलैंड की सरकार ने लॉकडाउन लगाने का फैसला किया है. ये लॉकडाउन 14 जनवरी 2022 तक प्रभावी रहेगा.


हेग. कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के पूरी दुनियाभर में बढ़ रहे हैं. इसको देखते हुए कई देशों की सरकारों ने लॉकडाउन पर विचार करना शुरू कर दिया है. नीदरलैंड की सरकार ने भी ओमिक्रॉन के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लॉकडाउन लगाने का फैसला किया है. हेग में शनिवार को मीडिया से बात करते हुए प्रधानमंत्री रुट ने इसकी घोषणा की.

प्रधानमंत्री ने की लॉकडाउन की घोषणा

मीडिया से बात करते हुए नीदरलैंड के प्रधानमंत्री मार्क रुट (Mark Rutte) ने कहा कि 'मुझे ये बताते हुए दुख हो रहा है कि नीदरलैंड में फिर से लॉकडाउन लगने वाला है.' नीदरलैंड सरकार ने ये फैसला देश में कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वैरिएंट के बढ़ते मामलों को देखते हुए लिया है. 

समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने उनके हवाले से कहा कि 'ये जरूरी है. ओमिक्रॉन बहुत तेजी से फैल रहा है' नया लॉकडाउन स्थानीय समयानुसार रविवार सुबह 5 बजे से लागू होगा और 14 जनवरी 2022 तक प्रभावी रहेगा. प्रधानमंत्री रुट ने कहा कि 'ओमिक्रॉन के कारण हम पांचवीं लहर का सामना करने वाले हैं. ऐसे में हमें कड़ा लॉकडाउन लगाना होगा.'

नए लॉकडाउन में केवल सुपरमार्केट, हॉस्पिटल, जरूरी दुकानें और कार गैरेज जैसी सेवाए जारी रहेंगी. लेकिन अन्य सभी दुकानें और सभी स्कूल-कॉलेज, रेस्तरां, म्यूजियम, थिएटर और चिड़ियाघर बंद रहेंगे. उन्होंने उम्मीद जताई कि क्रिसमस के तुरंत बाद नीदरलैंड में कोरोनावायरस का ओमिक्रॉन वेरिएंट हावी हो जाएगा.



(इनपुट - zee हिंदी )

Tuesday, December 28, 2021

मैराथन दौड़ प्रतियोगिता में सफल होकर बढ़ाया जिले का मान

गोण्डा : नौ सेना में सब लेफ्टिनेंट के पद पर कार्यरत कुलदीप पाण्डेय ने 50 किमी की अल्ट्रा मैराथन दौड़ में तीसरा स्थान पाकर जिले का मान बढ़ाया है। इस दूरी को उन्होंने चार घण्टा 26 मिनट चार सेकंड में पूरा किया है।

राजस्थान के जैसलमेर में आयोजित इस अल्ट्रा मैराथन दौड़ में देश भरके सेना के जवान, पुलिस और अधिकारी वर्ग ने हिस्सा लिया। दौड़ में तीसरा स्थान पाने से कुलदीप को सम्मानित किया गया। 

मूल रुप से मनकापुर तहसील के गोपालपुर निवासी कुलदीप पाण्डेय का चयन एनडीए के माध्यम से 2020 में  नौ सेना मे सब लेफ्टिनेंट के पद पर हुआ था। पिता तालुकदार पाण्डेय नोएडा में एक कम्पनी में मैनेजर हैं। जबकि उनकी माता  कान्ति देवी गृहणी हैं।कुलदीप के मैराथन दौड़ में तीसरा स्थान पाने से सम्मानित किये जाने पर उनके बाबा चन्द्रबली पाण्डेय, ग्राम प्रधान विजय प्रताप सिंह, राधा मोहन पाण्डेय, राजेन्द्र प्रकाश तिवारी, शिव कुमारी गुप्ता, राम मूर्ति गुप्ता, राम यज्ञ पाण्डेय, वेदप्रकाश पाण्डेय, जनार्दन पाण्डेय, कमलेश पाण्डेय, चन्द्र प्रकाश, राजेश ने खुशी जताई है।




Report : Next Media Team Gonda


स्वास्थ्य मंत्री ने किया दाऊदनगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण

लखनऊ, 28 दिसम्बर 2021  | जनपद के फैजुल्लागंज वार्ड के दाऊदनगर  में नवनिर्मित चार  बेड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह ने किया | स्वास्थ्य मंत्री ने कहा- इस क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र  खुलने से स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी |  उन्होंने कहा- कोरोना के नया   वैरिएन्ट ओमीक्रोन  प्रदेश में दस्तक दे चुका  है | इसलिए लोग कोविड से बचाव के लिए एहतियात बरतें और कोविड का टीका लगवाएं |  

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा -  तीन जनवरी से 15 से 18 साल के बच्चों को कोविड का टीका लगाया जाएगा | 

इस मौके पर लखनऊ उत्तरी क्षेत्र के विधायक डा. नीरज बोरा ने कहा-  प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री  का यह प्रयास है कि समाज के अंतिम पायदान के व्यक्ति तक को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें  |  इस चार बेड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी सहित पूरे स्टाफ की नियुक्ति  हो चुकी है | लोग कल से यहां पर स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं ले सकते हैं | यहाँ पर प्रसव की सुविधा तो उपलब्ध है ही, साथ ही सिजेरियन प्रसव के लिए ऑपरेशन थियेटर का निर्माण भी हो चुका है | हमारा यही प्रयास है कि लोगों को उनके इलाज की सुविधा उनके घर के समीप ही मिलनी चाहिए | 

कार्यक्रम के अंत में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. मनोज अग्रवाल ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि कोरोना के प्रति लापरवाही न बरतें | 18 वर्ष से अधिक आयु के लोग कोविड के टीके की दोनों डोज अवश्य लगवाएं,  साथ ही कोविड से बचाव के प्रोटोकाल  का पालन भी अवश्य करें |

 इसके साथ ही परिवार कल्याण कार्यक्रम, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान, आयुष्मान भारत योजना, कुष्ठ रोग,मानसिक स्वास्थ्य,  तंबाकू नियंत्रण  और क्षय रोग के स्टाल भी लगाए गए |  

इस अवसर पर सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड रिसर्च (सीफार) के तत्वावधान में आकार फाउंडेशन के कलाकारों ने  कोविड टीकाकरण के  बारे में जागरूकता के लिए नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया  |

इस मौके पर  विभिन्न वार्ड के सभासद, उप  मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. ए.पी.सिंह, जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी योगेश रघुवंशी, अलीगंज सीएचसी की चिकित्सा अधीक्षक डा. अनामिका गुप्ता, पीएचसी दाऊदनगर के प्रभारी डा. कुलदीप सिंह, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक सतीश यादव और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के जिला समन्वयक सुधीर वर्मा और पॉपुलेशन सर्विसेस  इंटेरनेशनल (पीएसआई) के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग  उपस्थित थे |

जाति धर्म के बंधन से ऊपर उठकर व्यापारी बनकर वोट दें तभी व्यापारियों की समस्याओं का होगा समाधान : संजय गुप्ता

लखनऊ :  राजधानी के सरोजनी नगर विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख बाजार बिजनौर में मंगलवार को व्यापारियों की बड़ी बैठक आयोजित हुई ,बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता मौजूद रहे तथा उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल ,सरोजनी नगर विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष एवं प्रदेश के संगठन मंत्री ओम प्रकाश शर्मा बैठक में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे

प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता की उपस्थिति में "उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल ,बिजनौर" का गठन किया गया तथा सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन हुआ नवनियुक्त कमेटी में डॉ संजीव कुमार सिन्हा को अध्यक्ष, उमेश जयसवाल को वरिष्ठ महामंत्री, संजय राठौर एवं शेखर को महामंत्री, राजू गुप्ता को कोषाध्यक्ष, अतीक खान को वरिष्ठ उपाध्यक्ष ,मोहम्मद खलील, राजेश जयसवाल, रमन को उपाध्यक्ष, शंभू साहू एवं उत्तम को मंत्री, रजत चौहान को संगठन मंत्री, श्रवण मोरिया  को प्रचार मंत्री चुना गया तथा संरक्षक के रूप में जय गोपाल गुप्ता को चुना गया तथा कार्यकारी सदस्य के रूप में अजय शुक्ला, मोहम्मद आरिफ, आशुतोष, मोहम्मद शकील, सुशील गुप्ता ,आशीष मोरिया, विशाल रावत चुने गए

 व्यापारी नेता संजय गुप्ता ने नवनियुक्त कमेटी के सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी तथा उन्होंने इस अवसर पर बोलते हुए  कहा व्यापारियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए और अधिक मजबूत तथा संगठित होना होगा तथा अपने वोटों की ताकत को दिखाना होगा उन्होंने कहा इस चुनाव में व्यापारी गेम चेंजर होगा किसान के बाद व्यापारी सबसे बड़ा वोट बैंक है उन्होंने कहा व्यापारियों के पास उत्तर प्रदेश में चार करोड़ वोट हैं यदि व्यापारी जात धर्म की सोच के ऊपर उठकर व्यापारी बनकर वोट दें तो निश्चित रूप से किसी सरकार की इतनी क्षमता नहीं कि वह व्यापारियों की बात को ना सुने उन्होंने कहा लोकतंत्र में  संख्या का महत्व है उन्होंने कहा व्यापारियों को नजरअंदाज किया जाना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा ,संगठन इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से तैयारी कर रहा है ! 


रिपोर्ट: टीम नेक्स्ट मीडिया लखनऊ

बीआरसी पर हुई निपुण भारत के लिए कार्यशाला

गोण्डा : बीआरसी झंझरी पर मंगलवार को डीबीटी, निपुण भारत कायाकल्प व ईसीसीई के लिए ग्राम प्रधान, एसएमसी अध्यक्ष, प्रधानाध्यापक, आंगनवाड़ी कार्यकत्तरियों व अभिभावकों की कार्यशाला का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि बेसिक शिक्षा अधिकारी आरपी सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित व सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया ।उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही इन योजनाओं से बेसिक शिक्षा में अभूतपूर्व परिवर्तन होगा। बीईओ राम खेलावन सिंह, डायट प्रवक्ता ज्ञान बहादुर, रेनू राव, एसआरजी कमलेश पाण्डेय ने बिन्दुवार सभी विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।बाल पुष्टाहार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यालय प्रबंधन, आकर्षक विद्यालय भवन, रखरखाव, विद्यालय में बच्चों का अधिक से अधिक ठहराव पर वक्ताओं ने विस्तृत जानकारी दी। एआरपी मोहम्मद अनीस, पंकज कुमार, अशोक सिंह, राहुल देव, सुरेश सिंह, दिलीप मिश्र, वंदना शुक्ला, शाइस्ता उस्मानी, बांके मिश्र, जहां आरा, आजाद बेग, रुबी खातून, संतोष श्रीवास्तव रहे ।


बीईओ से मिला शिक्षकों का प्रतिनिधि मण्डल

गोण्डा : उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ व जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के  पदाधिकारियों ने  वजीरगंज के नवागत खण्ड शिक्षा अधिकारी हर्षित पाण्डेय से सोमवार को मुलाकात कर स्वागत किया और शिक्षक समस्याओं पर चर्चा की। बीईओ ने डीबीटी के माध्यम से अभिभावकों के बैंक खातों में 1100 रुपये आने के बारे में शिक्षको से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शिक्षक अभिभावकों से बराबर सम्पर्क बनाए रखे जिससे बच्चों के लिए नि:शुल्क मिलने वाले स्वेटर, ड्रेस, वैग, व जूता मोजा  समय से मिले। उनहैंने विभागीय कार्यों के लिए शिक्षकों से सहयोग की अपील की। बीईओ ने शिक्षक प्रतिनिधि मंडल को आश्वासन दिया कि शिक्षकों की समस्याओं पर तत्काल कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि अध्यापक अपनी समस्या सीधे उनसे साझा करें। जूनियर शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष सुशील मिश्र, प्राथमिक के अध्यक्ष शिवकुमार प्रधान, संरक्षण जेपी तिवारी, नूर मोहम्मद, घनश्याम मौर्य, अशोक मौर्य, योगेश कुमार, संतोष सिंह, वीरेन्द्र सिंह, सुनील गोस्वामी, अमर वर्मा, आशीष द्विवेदी, मनोज कुमार रहे।



रिपोर्ट : टीम नेक्स्ट मीडिया गोण्डा


72 घंटे बाद भी हाथ नहीं लगा तेंदुआ, लोगों में दहशत, तलाश में जुटी कई टीमें

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के घनी आबादी वाले गुडंबा इलाके में बीते शनिवार सुबह एक तेंदुआ देखा गया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने उसकी तलाश शुरू कर दी। लेकिन 72 घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी अभी तक तेंदुआ हाथ नहीं लगा है। इससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बना है। हालांकि, एक बार मौका लगा भी तो टीम के लोग डर के भाग गए। जाल में फंसा तेंदुआ बाहर निकल आया और कुछ लोगों को घायल भी कर दिया। इसमें एक महिला को करीब 25 टांके लगे हैं। वहीं वन विभाग की टीम का तेंदुए को पकड़ने के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। 

प्रभागीय वनाधिकारी डॉ रवि कुमार सिंह ने बताया कि पिछले करीब 40 घंटे में कुकरैल रेंज के अंतर्गत आदिल नगर और कल्याणपुर के आसपास क्षेत्रों में तेंदुआ नहीं देखा गया है। कल्याणपुर जानकीपुरम सहारा स्टेट इलाके में वर्तमान में तेंदुआ नहीं है लेकिन एहतियात के रूप में वहां 5 टीमों की ओर से गश्त की जा रही है। उन्होंने बताया कि लोगों को कुछ भ्रामक सूचनाएं भी मिल रही है। इसमें एक से अधिक तेंदुए की उपस्थिति होने के बारे में बताया जा रहा है। जो पूरी तरह से निराधार है। उन्होंने कहा सीसीटीवी फुटेज और गूगल मैप पर तेंदुए की समयवार स्थिति से एक ही का मूवमेंट कई स्थानों पर अलग-अलग समय पर हुआ है।

घर से न निकलने की सलाह
डॉ रवि कुमार के मुताबिक रव‍िवार रात कंट्रोल रूम को कुछ सूचनाएं मिली थी। इसमें इंटीग्रल यूनिवर्सिटी कुर्सी रोड, जानकीपुरम कुर्सी रोड, आधार खेड़ा और तकरोही, छोटा भरवारा चिनहट, सेक्टर-4 विकास नगर शामिल है। इन सभी स्थानों पर अलग-अलग टीमों की ओर से रात में मुआयना किया गया। इसके साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से बात भी की गई लेकिन, कहीं पर भी तेंदुआ देखे जाने की पुष्टि नहीं हुई और न ही कोई पगमार्ग या उसके द्वारा हमला किए जाने की घटना प्रकाश में आई। उन्होंने बताया कि लोगों से शाम को बाहर न निकलने की सलाह जारी की गई। अभी तक तेंदुआ पकड़ में नहीं आया है। ऐसे में एहतियात बरतते हुए वन विभाग की टीम ने यह निर्देश जारी किया है।

पिछले 40 घंटों से नहीं दिखा तेंदुआ
लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र स्थित घनी आबादी वाले टेढ़ी पुलिया इलाके से कुछ दूरी पर स्थित एक निजी अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज में तेंदुए की तस्वीरें कैद हुई थी। लेकिन पिछले करीब 40 घंटे से उसका कोई पता नहीं है। अब कल्याणपुर और आस-पास रहने वाले लोगों को यह भी नहीं पता कि तेंदुआ है या शहर के बाहर चला गया है। इसकी वजह से लोगों को घर से निकलना दूभर हो गया है। जरूरी काम होने के बाद भी इलाके के लोग अपने घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये तेंदुआ कुकैरल जंगल होते हुए शहर में आया है। जिन इलाकों में यह तेंदुआ देखा गया है सभी कुकरैल के पास के इलाके हैं। कुकरैल जंगल बाराबंकी के जंगलों को टच करता है।

हरिद्वार हेट स्पीच पर अब ओवैसी का बड़ा आरोप- बीजेपी सरकार के सहयोग से हुआ भाषण

 


ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के मुखिया असदुद्दीन ओवैसी ने सोमवार को हरिद्वार में कथित हेट स्पीच को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा। ओवैसी ने कहा कि धर्म संसद में हेट स्पीच उत्तराखंड में बीजेपी सरकार के सहयोग से हुआ। उन्होंने मांग की कि सिर्फ केस दर्ज करने से काम नहीं चलेगी इसमें दोषियों की गिरफ्तारी भी होनी चाहिए। ओवैसी ने यहां पत्रकारों से कहा, 'इस प्रकार का धर्म संसद उत्तराखंड में भाजपा सरकार के आशीर्वाद और पूर्ण सहयोग से हुआ है। ऐसी बातें उनके समर्थन से ही कही गई हैं। सिर्फ प्राथमिकी दर्ज होना पर्याप्त नहीं है। उनकी गिरफ्तारी भी होनी चाहिए।' उन्होंने दावा किया कि संबंधित संगठनों को गैरकानूनी गतिविधियां निवारण कानून (यूएपीए) के तहत प्रतिबंधित कर देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि हरिद्वार के 'धर्म संसद' में ''देश के मुसलमानों के संहार का आह्वान किया गया।'

इस मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव की 'चुप्पी' के संबंध में सवाल करने पर ओवैसी ने कहा कि संविधान और विधि के शासन में विश्वास रखने वाली देश की सभी राजनीतिक पार्टियां, जो अराजकता में विश्वास नहीं करती हैं 'अपनी चुप्पी जरूर तोड़ेंगी।' उन्होंने यह भी जानना चाहा कि अगर कांग्रेस और सपा अब इन मुद्दों पर नहीं बोलेंगी तो कब बोलेंगी, क्योंकि इन घृणा भाषणों में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का भी नाम लिया गया था।

ओवैसी ने कहा, 'उनकी चुप्पी उनका पोल खोल रही है और हमें बता रही है कि वे इसलिए चुप हैं क्योंकि उन्हें अपने दूसरे वोट नहीं मिलने का डर है।' हरिद्वार के धर्म संसद में हुए कथित घृणा भाषणों के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई है।



Monday, December 27, 2021

"व्यापारी -पुलिस बैठक" में व्यापारियों ने उठाए बाजारों में अस्थाई अतिक्रमण के मुद्दे

लखनऊ : उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं पुलिस उपायुक्त पूर्वी के मध्य डीसीपी पूर्वी के गोमतीनगर स्थित कार्यालय  में व्यापारी पुलिस बैठक आयोजित हुई

 बैठक में डीसी पी पूर्वी अमित कुमार आनंद एवं उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता मुख्य रूप से मौजूद रहे

 बैठक में चिनहट, गोमती नगर ,मटियारी ,पटेल नगर, तेलीबाग, बीबीडी, नीलमथा, पीजीआई बाजारो के व्यापारियों एवं पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया नीलमथा के व्यापारियों ने व्यापारी पुलिस बैठक में दुर्गापुरी तिराहे पर पुलिस बूथ बनाने की मांग की तथा तेलीबाग, पीजीआई, बीबीडी, चिनहट एवं पत्रकारपुरम के व्यापारियों ने बाजारों में ठेले खोमचे एवं पटरी दुकानदारों  द्वारा अतिक्रमण किए जाने की समस्या प्रमुखता से उठाई ,डीसीपी पूर्वी ने बाजारों में स्वयं जाकर मौका मुआयना करने तथा समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया !


डीसीपी अमित कुमार आनंद ने बैठक में हर माह व्यापारियों के साथ 18 तारीख को बैठक करने की घोषणा की तथा डीसीपी ने व्यापारियों  से कोविड-19 के नए वैरीअंट के लिए सजग रहने तथा कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की !

बैठक में ट्रांस गोमती के प्रभारी मनीष पांडे, ट्रांस गोमती के चेयरमैन अशोक यादव, ट्रांस गोमती अध्यक्ष अनिरुद्ध निगम, पत्रकारपुरम के अध्यक्ष गिरीश भार्गव, बीबीडी के अध्यक्ष मोहम्मद रिजवान, तेलीबाग के अध्यक्ष राजन मिश्रा, नीलमथा चेयरमैन अमित अवस्थी, नीलमथा के अध्यक्ष विकास धानुक, पीजीआई मार्केट के अध्यक्ष अमित अग्रवाल, लोहिया मार्केट के अध्यक्ष डॉक्टर उमाकांत गुप्ता, तिवारीगंज के अध्यक्ष उजागर यादव, चिनहट के अध्यक्ष अरुण राय सहित विभिन्न बाजारों के पदाधिकारी मौजूद रहे !

Sunday, December 26, 2021

जब तक है प्राण करतीं रहुंगी सेवा-: स्वाति सिंह


पूर्व प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर दिव्यांग जनों को चलती फिरती दुकान, कमल व प्रमाण पत्रों का मंत्री स्वाति सिंह ने किया वितरण!दोनों पैरों दिव्यांग, हाथ भी ठीक से काम नहीं करते। उस दीपक को जब आज सुबह सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र की विधायक व प्रदेश सरकार की महिला कल्याण एवं बाल विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती स्वाती सिंह ने चलती-फिरती दुकान के साथ ही बिक्री के लिए कुछ सामान भी दिये तो उसके आंखों से आंसू छलक आये। यह सिर्फ दीपक ही नहीं पूर्व प्रधानमंत्री स्व0 अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्मदिन पर श्रीमती सिंह ने अपने आवास पर आधा दर्जन से अधिक दिव्यांगजनों को चलती-फिरती दुकान, चालिस से ज्यादा दिव्यांगजनों को प्रमाण-पत्र व कंबल वितरित किये। मंत्री  ने एक-एक दिव्यांग व अन्य लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित निदान के निर्देश दिये। कार्यक्रम के दौरान सौ से अधिक लोगों की संख्या आवास पर थी।

आशियाना सेक्टर आई के रहने वाले दीपक ने बताया कि जब से दीदी आयीं उसी समय से हमारी पेंशन शुरू हो गयी। दीदी ने जितना दिव्यांगजनों की सहायता के लिए कार्य किया है। उसकी प्रशंसा के लिए शब्द कम पड़ेंगे। दोनों नेत्रों से रोशनी गवां चुकी सोनी भी कार्यक्रम में पहुंची थी। मंत्री ने जब उसके हाथों से अटल जी के चित्र पर माल्यार्पण कराया तो वह भावुक हो उठी। उसका कहना था कि इतना प्यार कोई नहीं दे सकता। यहां ममता झलकती है।

कार्यक्रम की शुरुआत अटल जी के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। मंत्री ने दिव्यांगजनों को साथ लेकर अटल जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उनको याद किया। मंत्री नेे कहा कि अटल जी के विजन को पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगे हुए हैं। जहां पहले गरीबों का हक फाइलों में ही दबकर रह जाते थे, आज उन तक सारी योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है और जिंदगी में खुशहाली आ रही है। उन्होंने कहा कि जब तक हमारे शरीर में प्राण है, मैं गरीब, वंचित लोगों की सेवा करती रहुंगी।

श्रीमती सिंह ने कहा कि गरीबों को सामान्य जन की तरह हर सुविधा मिले, यह हमारी सरकार का विजन है। यह सतत चलने वाली प्रक्रिया है। जब देश पर कोरोना जैसी महामारी का प्रकोप आया तो प्रदेश सरकार के प्रतिनिधियों द्वारा अपनी जान का परवाह किये बगैर लोगों की सेवा की।

Saturday, December 25, 2021

खुटहन के पूर्व थानाध्यक्ष सहित नौ के खिलाफ दलित उत्पीड़न व छेड़खानी का मुकदमा दर्ज

 


  जौनपुर। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने खुटहन थाने पर तैनात रह चुके पूर्व प्रभारी निरीक्षक बिजेंद्र सिंह सहित नौ के खिलाफ दलित उत्पीड़न, छेड़खानी, घर मे घुसकर मारपीट, गाली गलौज सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपित पूर्व प्रभारी निरीक्षक की वर्तमान तैनाती कानपुर जनपद में है।

          थाना क्षेत्र के फतेगढ़ गाँव निवासिनी दलित महिला सुषमा देवी ने एससीएसटी कोर्ट में इस आशय का प्रार्थना पत्र दिया कि विपक्षी गण पुलिस की मदद से सड़क के किनारे बेसकीमती उसकी जमीन बीते 9 सितंबर को एकजुट होकर कब्जा कर दीवार बनाने लगे। प्रार्थिनी के विरोध करने पर अनमोल विश्वकर्मा, रामस्वरथ, गौतम, शक्ती सिंह, राजेश सिंह व खुटहन थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह तीन महिला पुलिस कर्मियों के साथ मिलकर लात घूंसा से मारने पीटने, जातिसूचक भद्दी भद्दी गाली देने लगे। 

       आरोप है कि वह डरकर घर के भीतर भाग गयी तो वहाँ भी पहुंच उसे मारे पीटे और बदनीयत से उसका ब्लाउज फाड़ दिए। आरोपितो ने धमकी दिया कि कोई कार्यवाही करोगी तो जान से खत्म कर दूंगा।

Friday, December 24, 2021

बच्चों को क्रिसमस की जानकारी दी

गोण्डा : कमपोजिट विद्यालय भरहापारा में शुक्रवार को बच्चों को क्रिसमस की जानकारी दी गयी। प्रधानाध्यापक नूर मोहम्मद ने ईसाई धर्म के प्रमुख त्योहार क्रिसमस, प्रभु ईसा मसीह के जन्म, जीवन और उपदेशों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ईसा मसीह की मां मरियम के त्याग व संघर्ष के बारे में चर्चा की। विद्यालय के बच्चों ने सन्टाकलाज बनकर एक दूसरे को उपहार दिये। जीवन में दूसरों के मदद करने के लिए प्रेरित किया। शिक्षिका सोनिया सिंह, बृजलाल यादव, सोनिका शुक्ला, नीता सिंह, ज्योति सोनी, रघुराम, दया प्रसाद रहे।



मेयर के करीबी को ‘खास कुर्सी’.... सवालों में BJP

यह खबर है.....सत्ता के रसूख, प्रशासनिक हनक और पार्टी के नियमों को ठेंगा दिखाने की.....जी हां....मुरादाबाद के मेयर विनोद अग्रवाल की पावर का अ...