गाँव अकबरपुर, पोस्ट ऑफिस खोरहँसा, जनपद गोंडा, देवी पटन मण्डल में 2 मुहर्रम का कदीमी जुलूस गुरुवार को बड़े अदब, एहतराम और धार्मिक श्रद्धा के साथ सम्पन्न हुआ। जुलूस में क्षेत्र के अकीदतमंदों ने बड़ी संख्या में शिरकत कर हज़रत इमाम हुसैन (अ.स.) और शोहदाए कर्बला की याद में अपनी अकीदत पेश की।
अंजुमन यादगारे हुसैनी के साहिबे बयाज जनाब इरशाद हुसैन साहिब के कलाम से पूरा माहौल आहो बुका के साथ ग़मगीन नज़र आया।
वहीं अंजुमन के जनरल सेक्रेटरी जनाब ज़हीर अब्बास साहब जुलूस के आगे आगे मौला ग़ाज़ी अब्बास अलैहिस्सलाम का आलम ए मुबारक लेकर चलते नज़र आये।
जुलूस निर्धारित मार्गों से होता हुआ पारंपरिक रूप से अपने मुकाम तक पहुंचा। इस दौरान या हुसैन (अ.स.) की सदाओं और नौहाख्वानी के बीच ग़मगीन माहौल देखने को मिला। अकीदतमंदों ने शांति, भाईचारे और इंसानियत के पैग़ाम को आम करने का संकल्प भी दोहराया।
जुलूस के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में जुलूस शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। प्रशासन द्वारा यातायात और सुरक्षा के समुचित प्रबंध किए गए, जिससे किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न नहीं हुई।
क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मुहर्रम के इस कदीमी जुलूस को आपसी सौहार्द, भाईचारे और गंगा-जमुनी तहज़ीब की खूबसूरत मिसाल बताते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में प्रेम, एकता और इंसानियत का संदेश देते हैं।
(संवाददाता : ज़हीर अब्बास , अकबरपुर, जनपद गोंडा)

No comments:
Post a Comment