जरवल कस्बा, जनपद बहराइच के सुप्रसिद्ध चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. साजिद हुसैन का आज सुबह, 28 जुलाई 2026 को निधन हो गया। उनके निधन का समाचार मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। समाज के विभिन्न वर्गों, बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा उनके असंख्य शुभचिंतकों ने गहरा दुःख व्यक्त किया है।
डॉ. साजिद हुसैन का पैतृक गांव अकबरपुर जनपद गोंडा है। पिछले लगभग 40 वर्षों से जरवल कस्बे में चिकित्सा सेवा से जुड़े हुए थे। उन्होंने अपने लंबे चिकित्सकीय जीवन में न केवल मरीजों का उपचार किया, बल्कि मानवता और सेवा की एक ऐसी मिसाल कायम की जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। वे विशेष रूप से गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों के प्रति अत्यंत संवेदनशील थे। आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों का उपचार करने में वे सदैव अग्रणी रहते थे और अनेक लोगों की सहायता बिना किसी स्वार्थ के करते थे।
उनकी सादगी, मिलनसार व्यक्तित्व और सेवा-भाव ने उन्हें जन-जन का प्रिय बना दिया था। चिकित्सा के क्षेत्र में उनकी निष्ठा और समाज के प्रति समर्पण ने उन्हें क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान दिलाई। उनके क्लिनिक पर आने वाले मरीज उन्हें केवल एक डॉक्टर ही नहीं, बल्कि एक मार्गदर्शक और शुभचिंतक के रूप में भी देखते थे।
डॉ. साजिद हुसैन का निधन चिकित्सा जगत तथा पूरे क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनका जीवन समाज सेवा, मानवता और समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण रहेगा। क्षेत्र की जनता उनके योगदान को सदैव स्मरण रखेगी और उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करती रहेगी।
अल्लाह ताला मरहूम के दर्जात बुलन्द फरमाए और उनकी रूह, (पवित्र आत्मा) को अपनी रहमत के साए मे जवारे मासूमीन अलैहिमुस्सलाम में आला मुक़ाम अता फरमाए, इस दुःख की घड़ी में शोकाकुल परिवार (अहले ख़ाना) अहले ख़ानदान, दोस्त, अहबाब और समस्त अज़ीज़ वो अक़ारिब को इस दुःख को सहन करने की शक्ति दे।
(संवाददाता : डॉo एचo अब्बास)
Vist Us : www.nextmedia.co.in



