Tuesday, December 28, 2021

बीआरसी पर हुई निपुण भारत के लिए कार्यशाला

गोण्डा : बीआरसी झंझरी पर मंगलवार को डीबीटी, निपुण भारत कायाकल्प व ईसीसीई के लिए ग्राम प्रधान, एसएमसी अध्यक्ष, प्रधानाध्यापक, आंगनवाड़ी कार्यकत्तरियों व अभिभावकों की कार्यशाला का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि बेसिक शिक्षा अधिकारी आरपी सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित व सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया ।उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही इन योजनाओं से बेसिक शिक्षा में अभूतपूर्व परिवर्तन होगा। बीईओ राम खेलावन सिंह, डायट प्रवक्ता ज्ञान बहादुर, रेनू राव, एसआरजी कमलेश पाण्डेय ने बिन्दुवार सभी विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।बाल पुष्टाहार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यालय प्रबंधन, आकर्षक विद्यालय भवन, रखरखाव, विद्यालय में बच्चों का अधिक से अधिक ठहराव पर वक्ताओं ने विस्तृत जानकारी दी। एआरपी मोहम्मद अनीस, पंकज कुमार, अशोक सिंह, राहुल देव, सुरेश सिंह, दिलीप मिश्र, वंदना शुक्ला, शाइस्ता उस्मानी, बांके मिश्र, जहां आरा, आजाद बेग, रुबी खातून, संतोष श्रीवास्तव रहे ।


बीईओ से मिला शिक्षकों का प्रतिनिधि मण्डल

गोण्डा : उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ व जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के  पदाधिकारियों ने  वजीरगंज के नवागत खण्ड शिक्षा अधिकारी हर्षित पाण्डेय से सोमवार को मुलाकात कर स्वागत किया और शिक्षक समस्याओं पर चर्चा की। बीईओ ने डीबीटी के माध्यम से अभिभावकों के बैंक खातों में 1100 रुपये आने के बारे में शिक्षको से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शिक्षक अभिभावकों से बराबर सम्पर्क बनाए रखे जिससे बच्चों के लिए नि:शुल्क मिलने वाले स्वेटर, ड्रेस, वैग, व जूता मोजा  समय से मिले। उनहैंने विभागीय कार्यों के लिए शिक्षकों से सहयोग की अपील की। बीईओ ने शिक्षक प्रतिनिधि मंडल को आश्वासन दिया कि शिक्षकों की समस्याओं पर तत्काल कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि अध्यापक अपनी समस्या सीधे उनसे साझा करें। जूनियर शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष सुशील मिश्र, प्राथमिक के अध्यक्ष शिवकुमार प्रधान, संरक्षण जेपी तिवारी, नूर मोहम्मद, घनश्याम मौर्य, अशोक मौर्य, योगेश कुमार, संतोष सिंह, वीरेन्द्र सिंह, सुनील गोस्वामी, अमर वर्मा, आशीष द्विवेदी, मनोज कुमार रहे।



रिपोर्ट : टीम नेक्स्ट मीडिया गोण्डा


72 घंटे बाद भी हाथ नहीं लगा तेंदुआ, लोगों में दहशत, तलाश में जुटी कई टीमें

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के घनी आबादी वाले गुडंबा इलाके में बीते शनिवार सुबह एक तेंदुआ देखा गया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने उसकी तलाश शुरू कर दी। लेकिन 72 घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी अभी तक तेंदुआ हाथ नहीं लगा है। इससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बना है। हालांकि, एक बार मौका लगा भी तो टीम के लोग डर के भाग गए। जाल में फंसा तेंदुआ बाहर निकल आया और कुछ लोगों को घायल भी कर दिया। इसमें एक महिला को करीब 25 टांके लगे हैं। वहीं वन विभाग की टीम का तेंदुए को पकड़ने के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। 

प्रभागीय वनाधिकारी डॉ रवि कुमार सिंह ने बताया कि पिछले करीब 40 घंटे में कुकरैल रेंज के अंतर्गत आदिल नगर और कल्याणपुर के आसपास क्षेत्रों में तेंदुआ नहीं देखा गया है। कल्याणपुर जानकीपुरम सहारा स्टेट इलाके में वर्तमान में तेंदुआ नहीं है लेकिन एहतियात के रूप में वहां 5 टीमों की ओर से गश्त की जा रही है। उन्होंने बताया कि लोगों को कुछ भ्रामक सूचनाएं भी मिल रही है। इसमें एक से अधिक तेंदुए की उपस्थिति होने के बारे में बताया जा रहा है। जो पूरी तरह से निराधार है। उन्होंने कहा सीसीटीवी फुटेज और गूगल मैप पर तेंदुए की समयवार स्थिति से एक ही का मूवमेंट कई स्थानों पर अलग-अलग समय पर हुआ है।

घर से न निकलने की सलाह
डॉ रवि कुमार के मुताबिक रव‍िवार रात कंट्रोल रूम को कुछ सूचनाएं मिली थी। इसमें इंटीग्रल यूनिवर्सिटी कुर्सी रोड, जानकीपुरम कुर्सी रोड, आधार खेड़ा और तकरोही, छोटा भरवारा चिनहट, सेक्टर-4 विकास नगर शामिल है। इन सभी स्थानों पर अलग-अलग टीमों की ओर से रात में मुआयना किया गया। इसके साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से बात भी की गई लेकिन, कहीं पर भी तेंदुआ देखे जाने की पुष्टि नहीं हुई और न ही कोई पगमार्ग या उसके द्वारा हमला किए जाने की घटना प्रकाश में आई। उन्होंने बताया कि लोगों से शाम को बाहर न निकलने की सलाह जारी की गई। अभी तक तेंदुआ पकड़ में नहीं आया है। ऐसे में एहतियात बरतते हुए वन विभाग की टीम ने यह निर्देश जारी किया है।

पिछले 40 घंटों से नहीं दिखा तेंदुआ
लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र स्थित घनी आबादी वाले टेढ़ी पुलिया इलाके से कुछ दूरी पर स्थित एक निजी अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज में तेंदुए की तस्वीरें कैद हुई थी। लेकिन पिछले करीब 40 घंटे से उसका कोई पता नहीं है। अब कल्याणपुर और आस-पास रहने वाले लोगों को यह भी नहीं पता कि तेंदुआ है या शहर के बाहर चला गया है। इसकी वजह से लोगों को घर से निकलना दूभर हो गया है। जरूरी काम होने के बाद भी इलाके के लोग अपने घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये तेंदुआ कुकैरल जंगल होते हुए शहर में आया है। जिन इलाकों में यह तेंदुआ देखा गया है सभी कुकरैल के पास के इलाके हैं। कुकरैल जंगल बाराबंकी के जंगलों को टच करता है।

हरिद्वार हेट स्पीच पर अब ओवैसी का बड़ा आरोप- बीजेपी सरकार के सहयोग से हुआ भाषण

 


ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के मुखिया असदुद्दीन ओवैसी ने सोमवार को हरिद्वार में कथित हेट स्पीच को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा। ओवैसी ने कहा कि धर्म संसद में हेट स्पीच उत्तराखंड में बीजेपी सरकार के सहयोग से हुआ। उन्होंने मांग की कि सिर्फ केस दर्ज करने से काम नहीं चलेगी इसमें दोषियों की गिरफ्तारी भी होनी चाहिए। ओवैसी ने यहां पत्रकारों से कहा, 'इस प्रकार का धर्म संसद उत्तराखंड में भाजपा सरकार के आशीर्वाद और पूर्ण सहयोग से हुआ है। ऐसी बातें उनके समर्थन से ही कही गई हैं। सिर्फ प्राथमिकी दर्ज होना पर्याप्त नहीं है। उनकी गिरफ्तारी भी होनी चाहिए।' उन्होंने दावा किया कि संबंधित संगठनों को गैरकानूनी गतिविधियां निवारण कानून (यूएपीए) के तहत प्रतिबंधित कर देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि हरिद्वार के 'धर्म संसद' में ''देश के मुसलमानों के संहार का आह्वान किया गया।'

इस मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव की 'चुप्पी' के संबंध में सवाल करने पर ओवैसी ने कहा कि संविधान और विधि के शासन में विश्वास रखने वाली देश की सभी राजनीतिक पार्टियां, जो अराजकता में विश्वास नहीं करती हैं 'अपनी चुप्पी जरूर तोड़ेंगी।' उन्होंने यह भी जानना चाहा कि अगर कांग्रेस और सपा अब इन मुद्दों पर नहीं बोलेंगी तो कब बोलेंगी, क्योंकि इन घृणा भाषणों में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का भी नाम लिया गया था।

ओवैसी ने कहा, 'उनकी चुप्पी उनका पोल खोल रही है और हमें बता रही है कि वे इसलिए चुप हैं क्योंकि उन्हें अपने दूसरे वोट नहीं मिलने का डर है।' हरिद्वार के धर्म संसद में हुए कथित घृणा भाषणों के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई है।



Monday, December 27, 2021

"व्यापारी -पुलिस बैठक" में व्यापारियों ने उठाए बाजारों में अस्थाई अतिक्रमण के मुद्दे

लखनऊ : उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं पुलिस उपायुक्त पूर्वी के मध्य डीसीपी पूर्वी के गोमतीनगर स्थित कार्यालय  में व्यापारी पुलिस बैठक आयोजित हुई

 बैठक में डीसी पी पूर्वी अमित कुमार आनंद एवं उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता मुख्य रूप से मौजूद रहे

 बैठक में चिनहट, गोमती नगर ,मटियारी ,पटेल नगर, तेलीबाग, बीबीडी, नीलमथा, पीजीआई बाजारो के व्यापारियों एवं पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया नीलमथा के व्यापारियों ने व्यापारी पुलिस बैठक में दुर्गापुरी तिराहे पर पुलिस बूथ बनाने की मांग की तथा तेलीबाग, पीजीआई, बीबीडी, चिनहट एवं पत्रकारपुरम के व्यापारियों ने बाजारों में ठेले खोमचे एवं पटरी दुकानदारों  द्वारा अतिक्रमण किए जाने की समस्या प्रमुखता से उठाई ,डीसीपी पूर्वी ने बाजारों में स्वयं जाकर मौका मुआयना करने तथा समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया !


डीसीपी अमित कुमार आनंद ने बैठक में हर माह व्यापारियों के साथ 18 तारीख को बैठक करने की घोषणा की तथा डीसीपी ने व्यापारियों  से कोविड-19 के नए वैरीअंट के लिए सजग रहने तथा कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की !

बैठक में ट्रांस गोमती के प्रभारी मनीष पांडे, ट्रांस गोमती के चेयरमैन अशोक यादव, ट्रांस गोमती अध्यक्ष अनिरुद्ध निगम, पत्रकारपुरम के अध्यक्ष गिरीश भार्गव, बीबीडी के अध्यक्ष मोहम्मद रिजवान, तेलीबाग के अध्यक्ष राजन मिश्रा, नीलमथा चेयरमैन अमित अवस्थी, नीलमथा के अध्यक्ष विकास धानुक, पीजीआई मार्केट के अध्यक्ष अमित अग्रवाल, लोहिया मार्केट के अध्यक्ष डॉक्टर उमाकांत गुप्ता, तिवारीगंज के अध्यक्ष उजागर यादव, चिनहट के अध्यक्ष अरुण राय सहित विभिन्न बाजारों के पदाधिकारी मौजूद रहे !

Sunday, December 26, 2021

जब तक है प्राण करतीं रहुंगी सेवा-: स्वाति सिंह


पूर्व प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर दिव्यांग जनों को चलती फिरती दुकान, कमल व प्रमाण पत्रों का मंत्री स्वाति सिंह ने किया वितरण!दोनों पैरों दिव्यांग, हाथ भी ठीक से काम नहीं करते। उस दीपक को जब आज सुबह सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र की विधायक व प्रदेश सरकार की महिला कल्याण एवं बाल विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती स्वाती सिंह ने चलती-फिरती दुकान के साथ ही बिक्री के लिए कुछ सामान भी दिये तो उसके आंखों से आंसू छलक आये। यह सिर्फ दीपक ही नहीं पूर्व प्रधानमंत्री स्व0 अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्मदिन पर श्रीमती सिंह ने अपने आवास पर आधा दर्जन से अधिक दिव्यांगजनों को चलती-फिरती दुकान, चालिस से ज्यादा दिव्यांगजनों को प्रमाण-पत्र व कंबल वितरित किये। मंत्री  ने एक-एक दिव्यांग व अन्य लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित निदान के निर्देश दिये। कार्यक्रम के दौरान सौ से अधिक लोगों की संख्या आवास पर थी।

आशियाना सेक्टर आई के रहने वाले दीपक ने बताया कि जब से दीदी आयीं उसी समय से हमारी पेंशन शुरू हो गयी। दीदी ने जितना दिव्यांगजनों की सहायता के लिए कार्य किया है। उसकी प्रशंसा के लिए शब्द कम पड़ेंगे। दोनों नेत्रों से रोशनी गवां चुकी सोनी भी कार्यक्रम में पहुंची थी। मंत्री ने जब उसके हाथों से अटल जी के चित्र पर माल्यार्पण कराया तो वह भावुक हो उठी। उसका कहना था कि इतना प्यार कोई नहीं दे सकता। यहां ममता झलकती है।

कार्यक्रम की शुरुआत अटल जी के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। मंत्री ने दिव्यांगजनों को साथ लेकर अटल जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उनको याद किया। मंत्री नेे कहा कि अटल जी के विजन को पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगे हुए हैं। जहां पहले गरीबों का हक फाइलों में ही दबकर रह जाते थे, आज उन तक सारी योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है और जिंदगी में खुशहाली आ रही है। उन्होंने कहा कि जब तक हमारे शरीर में प्राण है, मैं गरीब, वंचित लोगों की सेवा करती रहुंगी।

श्रीमती सिंह ने कहा कि गरीबों को सामान्य जन की तरह हर सुविधा मिले, यह हमारी सरकार का विजन है। यह सतत चलने वाली प्रक्रिया है। जब देश पर कोरोना जैसी महामारी का प्रकोप आया तो प्रदेश सरकार के प्रतिनिधियों द्वारा अपनी जान का परवाह किये बगैर लोगों की सेवा की।

Saturday, December 25, 2021

खुटहन के पूर्व थानाध्यक्ष सहित नौ के खिलाफ दलित उत्पीड़न व छेड़खानी का मुकदमा दर्ज

 


  जौनपुर। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने खुटहन थाने पर तैनात रह चुके पूर्व प्रभारी निरीक्षक बिजेंद्र सिंह सहित नौ के खिलाफ दलित उत्पीड़न, छेड़खानी, घर मे घुसकर मारपीट, गाली गलौज सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपित पूर्व प्रभारी निरीक्षक की वर्तमान तैनाती कानपुर जनपद में है।

          थाना क्षेत्र के फतेगढ़ गाँव निवासिनी दलित महिला सुषमा देवी ने एससीएसटी कोर्ट में इस आशय का प्रार्थना पत्र दिया कि विपक्षी गण पुलिस की मदद से सड़क के किनारे बेसकीमती उसकी जमीन बीते 9 सितंबर को एकजुट होकर कब्जा कर दीवार बनाने लगे। प्रार्थिनी के विरोध करने पर अनमोल विश्वकर्मा, रामस्वरथ, गौतम, शक्ती सिंह, राजेश सिंह व खुटहन थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह तीन महिला पुलिस कर्मियों के साथ मिलकर लात घूंसा से मारने पीटने, जातिसूचक भद्दी भद्दी गाली देने लगे। 

       आरोप है कि वह डरकर घर के भीतर भाग गयी तो वहाँ भी पहुंच उसे मारे पीटे और बदनीयत से उसका ब्लाउज फाड़ दिए। आरोपितो ने धमकी दिया कि कोई कार्यवाही करोगी तो जान से खत्म कर दूंगा।

Friday, December 24, 2021

बच्चों को क्रिसमस की जानकारी दी

गोण्डा : कमपोजिट विद्यालय भरहापारा में शुक्रवार को बच्चों को क्रिसमस की जानकारी दी गयी। प्रधानाध्यापक नूर मोहम्मद ने ईसाई धर्म के प्रमुख त्योहार क्रिसमस, प्रभु ईसा मसीह के जन्म, जीवन और उपदेशों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ईसा मसीह की मां मरियम के त्याग व संघर्ष के बारे में चर्चा की। विद्यालय के बच्चों ने सन्टाकलाज बनकर एक दूसरे को उपहार दिये। जीवन में दूसरों के मदद करने के लिए प्रेरित किया। शिक्षिका सोनिया सिंह, बृजलाल यादव, सोनिका शुक्ला, नीता सिंह, ज्योति सोनी, रघुराम, दया प्रसाद रहे।



Thursday, December 23, 2021

धरने को सफल बनाने की रणनिति बनाई

गोण्डा। पावर कारपोरेशन के संविदा कर्मी संगठन के पदाधिकारियों ने गुरुवार को बैठक की।  बैठक की अध्यक्षता मध्यांचल अध्यक्ष अरविंद श्रीवास्तव ने की। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को लखनऊ में विधान सभा व शक्ति भवन पर अपने सात सूत्रीय मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन के लिए सहयोग की लोगों से अपील की। धरने को फल बनाने के लिए विस्तार से चर्चा की। उन्होंने संगठन के सदस्यों से कहा कि सभी लोग एक जुट होकर सरकार को अपने ताकत का एहसास करा दें।जिलाधयक्ष संतोष तिवारी, लाल मोहम्मद, अतुल सिंह, रमेश तिवारी, राजेश सिंह, आशुतोष, सद्दाम अतुल शुक्ला रहे।



Wednesday, December 22, 2021

बाहुबली विधायक मुख्‍तार अंसारी के सहयोगी रामअवध सिंह की 80 लाख की संपत्ति प्रशासन ने किया कुर्क


मऊ। बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के सहयोगी रामअवध सिंह की 80 लाख की संपत्ति को बुधवार को प्रशासन ने कुर्क कर लिया और यहां झंडी लगा दी गई। बाद में इस जमीन की नीलामी कर इसकी भरपाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति रही।

       सरायलखंसी थाना क्षेत्र के डुमरांव निवासी रामअवध सिंह के ऊपर 65 लाख रुपये का स्टांप बकाया है। इसकी कई बार नोटिस भी जारी की जा चुकी है। इसके अलावा इन्होंने पांच बीघा से अधिक सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया था। इसको प्रशासन ने बीते दिनों बुलडोजर लगवाकर अतिक्रमणमुक्त करवा दिया। यह जमीन भी करोड़ो रुपये की है। इस पर प्रशासन की तरफ से लगभग 15 लाख रुपये का जुर्माना ठोंका गया है। इस प्रकार करीब 80 लाख रुपये का इनके ऊपर राजस्व बकाया है।

        जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल के निर्देश पर बुधवार को एसडीएम सदर, नायब तहसीलदार अपनी टीम के साथ पहुंचे और डुमरांव स्थित उनकी 1.70 हेक्टेयर जमीन को कुर्क कर लिया। इस जमीन पर खेती हो रही थी। इन सभी जमीनों को कुर्क करने के बाद प्रशासन अपने कब्जे में ले लिया है। एसडीएम ने बताया कि कुर्क की कार्रवाई के बाद इनकी जमीन की नीलामी की जाएगी। नीलामी के बाद इनके बकाया राजस्व की भरपाई की जाएगी।

Tuesday, December 21, 2021

मिशन रोजगार के अन्तर्गत प्रदेश के प्रत्येक जनपद में 20 से 24 दिसम्बर तक आयोजित किये जा रहे रोजगार मेले

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर उ0प्र0 के समस्त जनपदों में 20 से 24 दिसम्बर, 2021 तक मिशन रोजगार के अन्तर्गत रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इन रोजगार मेलों में बेरोजगार नवयुवक/नवयुवतियों को वृहद स्तर पर रोजगार प्रदान किया जा रहा है। प्रदेश सरकार मिशन रोजगार योजना का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से युवाओं में विशेष रूप से कौशल प्रशिक्षित युवाओं को मिशन रोजगार योजना के अन्तर्गत उद्योगों/निजी अधिष्ठानों में सेवायोजित कर उन्हें रोजगार प्रदान कर रही है।

निदेशक,प्रशिक्षण एवं सेवायोजन हरिकेश चौरसिया ने यह जानकारी देते हुए बताया कि मिशन रोजगार योजना के अन्तर्गत प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को सेवायोजित कराने के लिए प्रत्येक जनपद में नोडल राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान परिसर में रोजगार मेला आयोजित किये जा रहे हैं।रोजगार मेलों को सफल बनाने के लिए सेवायोजन विभाग के समस्त संयुक्त निदेशक व सहायक निदेशक को कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिये गये हैं। इस कार्य हेतु जनपदों के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, जिला सेवायोजन कार्यालय तथा जिला उद्योग केन्द्रों में अधिकारियों के साथ बैठक करने साथ ही मण्डल के अन्तर्गत स्थापित उद्योग केन्द्रों,औद्योगिक संगठनों व प्लेसमेंट कार्य में लगी इकाइयों से सम्पर्क कर उनका सहयोग लेने के निर्देश दिये गये हैं।

हरिकेश चौरसिया ने बताया कि अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि जनपद स्तर पर नोडल आईटीआई में प्रधानाचार्य व जिला सेवायोजन अधिकारी की जिम्मेदारी होगी कि वे अपने जनपद के जिला उद्योग अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी से समन्वय स्थापित कर रोजगार मेलों को सफल बनाएं। साथ ही इस कार्य में जनपद के जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी से भी सम्पर्क स्थापित कर उनका सहयोग व मार्गदर्शन प्राप्त किया जाय। चौरसिया ने बताया कि कल दिनांक 22 दिसम्बर को प्रदेश के 17 जनपदों में रोजगार मेले का आयोजन किया जायेगा।

Monday, December 20, 2021

आदर्श व्यापार मंडल ने लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण से व्यापारियों को मुक्ति दिलाने हेतु नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा

भूतनाथ मार्केट मे लगातार बढ़ते जा रहे अतिक्रमण को हटवाने एवं भूतनाथ बाजार में पिंक टॉयलेट बनवाने की मांग को लेकर तथा पत्रकारपुरम मार्केट ,गोमती नगर  में पार्किंग की समस्या के समाधान  की मांग को लेकर आदर्श व्यापार मंडल के पदाधिकारी नगर आयुक्त से मिले 

आदर्श व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने भूतनाथ मार्केट में लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण से व्यापारियों को मुक्ति दिलाने हेतु नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा

 नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं जोनल अधिकारी को व्यापारियों की समस्याओं के समाधान हेतु निर्देश दिए

उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के तत्वाधान में संगठन अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में सोमवार को व्यापारियों का 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल नगर आयुक्त अजय द्विवेदी से नगर निगम कार्यालय लालबाग में मिला

भूतनाथ मार्केट के व्यापारियों ने भूतनाथ बाजार में लगातार बढ़ते जा रहे अस्थाई अतिक्रमण एवं सड़कों पर ही बड़ी-बड़ी अस्थाई दुकानें बना कर सड़कों को अवरुद्ध किए जाने की शिकायत की तथा  अवैध कब्जों से व्यापारियों को मुक्ति दिलाने की मांग की तथा उन्हें ज्ञापन सौंपा उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल ,भूतनाथ मार्केट के कार्यवाहक अध्यक्ष कमल अग्रवाल ने नगर आयुक्त से भूतनाथ मार्केट में महिलाओं हेतु पिंक टॉयलेट बनवाने की मांग की तथा उन्हें इस आशय का भी पत्र  सौंपा 

नगर आयुक्त ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए तुरंत ही जोन 7 की जोनल अधिकारी श्रीमती प्रज्ञा सिंह को अवैध अतिक्रमण पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए 

तथा भूतनाथ बाजार में तुरंत ही पिंक टॉयलेट का काम शुरू किए जाने का संबंधित अधिकारियों को आदेश दिया

इसके अतिरिक्त पत्रकारपुरम गोमती नगर के अध्यक्ष गिरीश भार्गव ने पत्रकारपुरम मार्केट में सड़कों पर चौपाइयां एवं दोपहिया वाहनों के बेतरतीब खड़े होने के कारण बाजार में अव्यवस्था की शिकायत की तथा पत्रकारपुरम में  पार्किंग व्यवस्था हेतु सहयोग मांगते हुए कार्य योजना बनाने की मांग की नगर आयुक्त ने पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए भी तुरंत ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए 

प्रतिनिधिमंडल में भूतनाथ मार्केट के संरक्षक धर्मेंद्र गुप्ता,  भूतनाथ मार्केट के अध्यक्ष ज्ञान प्रकाश सिंह, कार्यवाहक अध्यक्ष कमल अग्रवाल, महामंत्री मनोज अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश सक्सेना, उपाध्यक्ष सौरभ अरोड़ा ,पत्रकारपुरम, गोमती नगर मार्केट के चेयरमैन आनंद रस्तोगी पत्रकारपुरम अध्यक्ष गिरीश भार्गव, महामंत्री संजय कुमार गुप्ता शामिल थे

Sunday, December 19, 2021

ऐश्वर्या राय बच्चन को ED का समन, पूछताछ के लिए बुलाया

पनामा पेपर्स (Panama Papers Leak) से जुड़े मामले में ऐश्वर्या राय बच्चन (Aishwarya Rai Bachchan) को समन किया गया है. उन्हें प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पूछताछ के लिए बुलाया है. बता दें कि ऐश्वर्या राय बच्चन को दो बार पहले भी बुलाया गया था, लेकिन दोनों ही बार उन्होंने नोटिस को स्थगित करने की गुजारिश की थी. ये गुजारिश पनामा पेपर्स लीक की जांच कर रही स्पेशल इंवेस्टिगेशन टीम के समक्ष की गई थी.


पनामा पेपर लीक मामले में एक कंपनी (Mossack Fonseca) के लीगल दस्तावेज लीक हुए थे. इससे पता चला था कि 424 भारतीयों के विदेशी बैंकों में खाते हैं. इसमें कुछ राजनेताओं के साथ-साथ फिल्मी सितारों के भी नाम थे. इसमें ऐश्वर्या के अलावा अमिताभ बच्चन, अजय देवगन का भी नाम शामिल था.


देश के पूर्व सॉलिसिटर जनरल और सुप्रीम कोर्ट के वकील हरीश साल्वे, भगोड़े कारोबारी विजय माल्या, मोस्ट वान्टेड क्रिमिनिल इकबाल मिर्ची का नाम भी इसमें शामिल था.


मामला सुप्रीम कोर्ट तक भी पहुंचा था. फिर केंद्र सरकार ने इस मामले में मल्टी एजेंसी ग्रुप (MAG) का गठन किया था. इनमें CBDT, RBI, ED और FIU को शामिल किया गया था. MAG सभी नामों की जांच करके रिपोर्ट काले धन के जांच के लिए बनी SIT और केंद्र सरकार को दे रही थी.

Saturday, December 18, 2021

भाषा और गणित में अब निपुण होंगे बेसिक शिक्षा के बच्चे :एडी बेसिक

गोण्डा : डायट दर्जीकुंआं पर चलरहे पांच दिवसीय फाउन्डेशन लिटरेसी एण्ड न्यूमरेसी विषय पर आधारित प्रशिक्षण का समापन शनिवार को हुआ। आयोजक  डायट प्राचार्य व एडी बेसिक विनय मोहन वन ने संदर्भदाताओं को प्रमाण पत्र का वितरण किया। उन्होंने कहा कि निपुण भारत योजना पर आधारित इस प्रशिक्षण के बाद बेसिक शिक्षा के बच्चे भाषा और गणित में निपुण होंगे ।इस प्रशिक्षण से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी। पांच दिवसीय इस प्रशिक्षण में एसआरजे कमलेश पाण्डेय, विनीता कुशवाहा, केवी लाल ने संदर्भदाताओं को प्रशिक्षण के उद्देश्य भाषा और गणित पर आधारित गतिविधि के माध्यम से समझाया। एडी श्री वन ने बताया कि जनपद के एआरपी ने प्रशिक्षण प्राप्त किया है। उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण प्राथमिक विद्यालय के शिक्षकों के लिए है। अब यही प्रशिक्षण प्राप्त एआरपी अपने ब्लाक में प्राथमिक के शिक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। डायट प्राचार्य ने सभी एआरपी को अपने ब्लाक में सफलतापूर्वक प्रशिक्षण को सम्पन्न कराने का निर्देश भी दिया है। प्रशिक्षण प्रभारी प्रवक्ता संतोष कुमार यादव, सोमित सिंह, घनश्याम मौर्य, अशोक मौर्य, मोहम्मद अनीस, गंगेशवर प्रसाद, धीरेन्द्र प्रताप सिंह, संजय कुमार, हेमन्त सिंह, जावेद अहमद, उषा कुमारी रहीं।



मेयर के करीबी को ‘खास कुर्सी’.... सवालों में BJP

यह खबर है.....सत्ता के रसूख, प्रशासनिक हनक और पार्टी के नियमों को ठेंगा दिखाने की.....जी हां....मुरादाबाद के मेयर विनोद अग्रवाल की पावर का अ...