इटली में कोरोना वायरस संक्रमण की चपेट में आकर अब तक कुल 3,405 लोगों की मौत हो चुकी है. कोविड-19 की वजह से होने वाली मौतों का यह आंकड़ा किसी भी अन्य देश से ज़्यादा है !
यहां तक कि संक्रमण के केंद्र चीन में होने वाली मौतों से भी ज़्यादा ! गुरुवार को इटली में मौत के 427 नए मामले दर्ज किए गए जिससे मौतों का कुल आंकड़ा अचानक से बढ़ गया !
चीन में कोरोना की वजह से होने वाली कुल मौतों का आधिकारिक आंकड़ा 3,245 है. हालांकि इस आंकड़े की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं !
वैसे चीन में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या (81,000) अब भी इटली से ज़्यादा (41,035) है !
इटली में 12 मार्च से ही लॉकडाउन है. पहले लॉकडाउन को 25 मार्च तक जारी रखे जाने की योजना थी लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए इसे बढ़ा दिया गया है. बार, रेस्तरां और ज़्यादातर दुकानें भी बंद हैं !
इटली में थम नहीं रहीं मौतें
इटली के प्रधानमंत्री गुज़ेपे कॉन्टे का कहना है कि स्वास्थ्य तंत्र को बचाए रखने के लिए ऐसे क़दम उठाना ज़रूरी है.
आम जनता से लॉकडाउन के नियमों का सख़्ती से पालन करने के लिए कहा जा रहा है.
नियम इतने सख़्त हैं कि इमरजेंसी की स्थिति में ही लोगों को बाहर निकलने की इजाज़त है और वो भी प्रमाण के साथ. अगर कोई झूठ बोलता पाया गया तो उसे जेल की सज़ा भी हो सकती है.
हालात इतने ख़राब हैं कि लोग बाल्कनी और छत से तालियां बजाकर और संगीत के ज़रिए एक-दूसरे की हौसला अफ़जाई कर रहे हैं.
हालांकि इन सारी कोशिशों के बावजूद वहां मौतों और नए मामलों का आंकड़ा थमने का नाम नहीं ले रहा है.
लगातार बढ़ते संक्रमण और मौतों के मामलों से जूझते इटली की हालत किसी बेबस देश जैसी हो गई है. मरीज़ इस कदर बढ़ते जा रहे हैं कि अस्पतालों में बिस्तर कम पड़ गए हैं और डॉक्टरों के सामने ये दुविधा है कि वो किसका इलाज करें और किसे छोड़ें !
इटली में क़रीब 5,200 इंटेंसिव केयर बेड हैं, लेकिन सर्दियों में इनमें से कई रेस्पिरेटरी दिक्क़तों वाले मरीज़ों से भर गए हैं.आमतौर पर जंग में इस तरह के हालात पैदा होते हैं, लेकिन इटली को शांतिकाल में इस तरह की चुनौती भरी स्थिति से दो-चार होना पड़ रहा है !
No comments:
Post a Comment