बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर के खिलाफ शुक्रवार (20 मार्च) को लखनऊ के सरोजिनी वगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। कनिका पर यह कार्रवाई जिला मजिस्ट्रेट अभिषेक प्रकाश के आदेश पर की गई। कनिका पर आईपीसी की धारा 188, 269, 270 में मामला दर्ज हुआ है।
बॉलीवुड गायिका ने शुक्रवार (20 मार्च) को बताया था कि वह कोविड-19 से संक्रमित पाई गई है। इसके बाद कनिका कपूर की पार्टी में शामिल होने के बाद भाजपा सांसद दुष्यंत सिंह, उनकी मां और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे तथा संसद भवन में उनके पास बैठे तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओब्रायन और अनुप्रिया पटेल ने खुद को पृथक कर लिया है।
राजे और उनके पुत्र हाल में लखनऊ में एक डिनर पार्टी में शामिल हुए थे जहां कनिका भी एक अतिथि थी। ओ ब्रायन ने कहा कि वह बुधवार (18 मार्च) को संसद में दो घंटे के लिए सिंह के साथ बैठे थे। अपना दल की नेता पटेल ने कहा कि वह बृहस्पतिवार (19 मार्च) को एक कार्यक्रम में मौजूद थी जिसमें सिंह भी शामिल हुए थे। जिला मजिस्ट्रेट अभिषेक प्रकाश ने अगले आदेशों तक लखनऊ में ताज महल होटल को बंद करने के आदेश दिए। सूत्रों ने बताया कि कनिका होटल में एक पार्टी में शामिल हुई थी !
कनिका के पिता राजीव कपूर के अनुसार वह 13 और 15 मार्च के बीच कुछ पार्टियों में शामिल हुई थी। इन पार्टियों में लगभग 300 लोग शामिल हुए थे। रिपोर्टों में कहा गया है कि गायिका ''बेबी डॉल" पहली बॉलीवुड सेलिब्रेटी है जो कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई है। गायिका ब्रिटेन से लखनऊ पहुंची थी और फ्लू के लक्षणों के बाद उन्हें शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इंस्टाग्राम पर जारी एक बयान के अनुसार, 41 वर्षीय गायिका ने कहा कि उनमें पिछले चार दिन में सामान्य फ्लू जैसे लक्षण दिखने लगे हैं। इसके बाद राजे, ओ ब्रायन और पटेल ने ट्विटर पर घोषणा की कि एहतियातन उन्होंने खुद को पृथक कर लिया है। कनिका ने अपने बयान में कहा, ''मैंने अपनी जांच कराई और कोविड-19 होने की पुष्टि हुई है। मैं और मेरा परिवार अब पूरी तरह से सबसे अलग है और चिकित्सीय सलाह का पालन कर रहे हैं। मैं किन-किन लोगों से मिली यह पता लगाने की प्रक्रिया जारी है।" उन्होंने कहा, ''करीब 10 दिन पहले हवाई अड्डे पर सामान्य प्रक्रिया के तहत मेरी जांच हुई थी और केवल चार दिन पहले ही ये लक्षण दिखे।" गायिका ने लोगों से खुद को स्वयं सबसे अलग करने और किसी भी तरह के लक्षण दिखने पर जांच कराने की अपील भी की !
No comments:
Post a Comment