फर्रुखाबाद से जयपुर जा रही डबल डेकर बस में शुक्रवार देर शाम ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। ट्रक और बस में भीषण आग लग गई। बस में लगभग 50 यात्री सवार थे जिनमें 10-15 लोग ही कूदकर भाग पाए थे। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कितने लोग हताहत हुए हैं। उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले के अफसरों को तत्काल मौके पर पहुंचने और घायलों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार देर शाम छिबरामऊ के ग्राम धिलोई के पास फर्रुखाबाद की विमल बस सर्विस की डबल डेकर बस की ट्रक से आमने-सामने भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद बस धू धू कर जलने लगी। आग की लपटें देख बस में बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया। लोग शीशे तोड़कर कूदने लगे। मौके पर फायर बिग्रेड, अपर जिलाधिकारी गजेंद्र सिंह व अपर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, छिबरामऊ कोतवाल शैलेंद्र कुमार मिश्रा पहुंचे हैं। अंधेरा और भीड़ आग की वजह से अभी तक हताहतों के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है।
हादसे के बाद जीटी रोड पर लंबा जाम लग गया है। लंबी कतार में वाहन जाम खुलने का इंतजार कर रहे हैं। फायर बिग्रेड की कई गाड़ियां आग बुझाने के प्रयास में जुटी हैं। बस जान बचाकर भागे यात्रियों के मुताबिक आग लगने के बाद बस से सिर्फ 10-12 यात्री बाहर निकल पाए थे। आशंका जताई जा रही है कि ज्यादातर यात्री बस में फंसे हुए हैं या उनकी मौत हो चुकी है।
No comments:
Post a Comment