कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष व अमेठी सांसद राहुल गांधी ने आज यहां कहा कि मोदी से कोई सवाल करो तो वे भाग जाते हैं। केवल मीडिया ने उन्हें बबर शेर बनाया हुआ है। उन्होंने कहा कि न्याय योजना के बारे में विरोधी सवाल उठाते हैं कि कहां से देंगे 72 हजार रुपए, तो मैं समझाना चाहता हूं कि उन्हीं पूंजीपतियों की जेब से निकाल कर दूंगा, जिनका करोड़ों रुपए मोदी ने माफ कर दिया। शनिवार की दोपहर सुलतानपुर संसदीय क्षेत्र के अमहट हवाई पट्टी से उतरकर राहुल गांधी ने धम्मौर स्थित एक पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को सम्बोधित किया। उन्होंने सीधे प्रधानमंत्री मोदी पर हमला बोला। कहा कि यह चुनाव न्याय और अन्याय के बीच हो रहा है। न्याय योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 72 हजार रुपए हर गरीब को तब तक देंगे, जब तक उसकी न्यूनतम आय 12 हजार रुपए के नीचे रहती है। यह रुपए मैं उन्हीं पूंजीपतियों की जेब से निकालूंगा, जिन्हें पीएम मोदी ने लाखों-कराड़ों रुपए दिए हैं। उन्होंने कहा कि मैं कहता हूं चौकीदार...बाकी जनता अपने आप बोलने लगती है। कहा कि लोकसभा में मोदी मेरे चार सवालों का जवाब नहीं दे पाए। उनके 56 इंच के सीने में जवाब देने का दम नहीं है। कोई भी व्यक्ति बिना डरे उनसे सवाल करे तो वे भाग जाते हैं। मोदी ने जो कहा, वह उन्होंने नहीं किया, दम हो तो यह बात जनता के सामने वे स्वीकार करें। अंत में राहुल ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. संजय सिंह को जितवाइए। लोकसभा में इनकी जरूरत है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार मिश्र व प्रदेश प्रवक्ता दीपक सिंह भी मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment