चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से मात देकर आठवीं बार आईपीएल के फाइनल में जगह बना ली है. रविवार 12 मई को चेन्नई का सामना मुंबई से हैदराबाद में होगा. आईपीएल सीजन 12 के दूसरे क्वालिफायर मुकाबले में धोनी की सेना ने दिल्ली का पहली बार IPL फाइनल खेलने का सपना तोड़ दिया ! विशाखापत्तनम में खेले गए इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट गंवा कर 147 रन बनाए और चेन्नई सुपर किंग्स को जीत के लिए 148 रनों का टारगेट दिया. जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स ने 19 ओवर में 4 विकेट गंवा कर 151 रन बना लिए और फाइनल में जगह बना ली !
चेन्नई सुपर किंग्स ने 2008, 2010, 2011, 2012, 2013, 2015, 2018 और 2019 में फाइनल तक सफर तय किया है. जिसमें से 2010, 2011 और 2018 में उसे खिताबी जीत हासिल हुई है. सुपर किंग्स बड़े मैचों में खेलने की आदी है, वह तीन बार आईपीएल का खिताब को जीत चुकी है. जबकि चार बार धोनी की सेना उप-विजेता रह चुकी है ! चेन्नई की तरफ से फाफ डु प्लेसिस (39 गेंदों पर 50) और शेन वॉटसन (32 गेंदों पर 50) ने अर्धशतक जमाए तथा पहले विकेट के लिये 81 रन जोड़कर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई. चेन्नई की जीत की नींव उसके गेंदबाजों ने रखी थी. उसकी तरफ से ड्वेन ब्रावो (19 रन देकर दो), रवींद्र जडेजा (23 रन देकर दो), दीपक चहर (28 रन देकर दो) और हरभजन सिंह (31 रन देकर दो) ने दो-दो विकेट लिए! दिल्ली की तरफ से ऋषभ पंत ने 25 गेंदों पर सर्वाधिक 38 रन बनाए लेकिन इस बीच उन्होंने दो चौके और एक छक्का ही लगाया. उनके अलावा केवल कोलिन मुनरो (24 गेंदों पर 27 रन) ही 20 रन के पार पहुंचे. दिल्ली के पुछल्ले बल्लेबाजों ने अंतिम आठ गेंदों पर 22 रन बनाकर टीम को कुछ सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया !
No comments:
Post a Comment