ओडिशा में तबाही के निशान छोड़ गया फानी, अब तक 12 लोगों की मौत
चक्रवातीय तूफान फानी ने शुक्रवार को ओडिशा में जमकर कोहराम मचाया. पुरी, भुवनेश्वर में करोड़ों की संपत्ति का नुकसान हुआ है. अब तक 12 लोगों की मौत हुई है और 150 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. ओडिशा में तबाही मचाने के बाद फानी बंगाल पहुंचा. राहत की बात ये है कि अब तक बंगाल में फानी से किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है. फानी तूफान अब धीरे-धीरे कमजोर हो रह है. अब यह बांग्लादेश की ओर बढ़ रहा है. वहीं पीएम मोदी हालात का जायजा लेने के लिए 6 मई को ओडिशा जाएंगे.
अधिकारियों ने बताया कि 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहे इस अत्यंत भयंकर चक्रवाती तूफान की वजह से शुक्रवार को पुरी में तेज बारिश और आंधी आई. तूफान के कमजोर पड़ने और पश्चिम बंगाल में प्रवेश करने से पहले इसकी चपेट में आए कस्बों और गांवों में बहुत से घरों की छतें उड़ गईं और कई घर पूरी तरह से बर्बाद हो गए. अधिकारियों ने कहा कि आपदा के कारण मरने वालों की संख्या शुक्रवार को आठ थी, जो मयूरभंज जिले में चार और लोगों के मारे जाने के बाद बढ़कर 12 हो गई. उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों से विस्तृत जानकारी आनी अभी बाकी है.मयूरभंज जिले के आपात अधिकारी एस के पति ने कहा, बारीपदा में अलग-अलग स्थानों पर पेड़ गिरने से चार लोगों की मौत हुई है. .
No comments:
Post a Comment