सपा-बसपा ने मंगलवार को पूर्वांचल में जौनपुर से संयुक्त सभा का आगाज किया। मछलीशहर और जौनपुर सदर के प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित सभा में मायावती ने भाजपा और कांग्रेस दोनों पर बराबर हमला किया। पूर्वांचल विश्वविद्यालय के मैदान में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से पहले जनसभा को संबोधित करते हुए मायावती ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस के शासन में न गरीबी दूर हुई न बरोजगारी दूर हुई। न किसानों का भला हुआ और न ही मेहनतकश लोगों को कुछ मिला। कांग्रेस में जब लोगों को रोजी रोटी का साधन नहीं मिला तो बड़ी संख्या में लोगों को यूपी छोड़कर देश के महानगरों में जाना पड़ा। हमारी सरकार आने पर कांग्रेस की तरह हर महीने छह हजार देने की जगह लोगों को रोजगार देने का इंतजाम किया जाएगा। भाजपा सरकार में किसान लगातार परेशान हैं। बीजेपी द्वारा छोड़े गए जानवरों ने तो किसानों को और भी परेशान कर रखा है।
नमो नमो जाने वाले हैं, जय भीम आने वाले हैं !
मायावती ने कहा कि नमो नमो की छुट्टी होने वाली है, जय़ भीम आने वाले हैं। बाबा साहब आंबेडकर ने देश के दलितों, पिछड़ों को जो कानूनी अधिकार दिये वो लाभ इन वर्गों को नहीं मिल सका। जब बाबा साहब पहली सरकार में कानून मंत्री बने और उन्हें एहसास हुआ कि मेरे लोगों को ठीक से लाभ नहीं मिल रहा तो अपने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफे के बाद पूरे देश के लोगों को कहा था कि मैंने संविधान में तो कानूनी अधिकार दिला दिये है लेकिन इसका लाभ तब तक नहीं मिल पाएगा, जब तक केंद्र और राज्य की सरकारों की सत्ता की चाबी आपके हाथ नहीं आ जाती है।
मायावती ने कहा कि बाबा साहेब ने भी बोला था कि आपको अपनी पार्टी बनानी होगी। बाबा साहेब की सोच के अनुसार ही बसपा बनाई गई। उसके बाद समाजवादी पार्टी और अन्य पार्टियों का भी गठन हुआ। यह इसलिए करना पड़ा क्योंकि कांग्रेस अपने वादों के अनुसार काम नहीं कर सकी। कांग्रेस के कारण ही आरएसएसवादी, पूंजीवादी भाजपा केंद्र आ गई। अब वह भी बाहर जाएगी। भाजपा ने देश के कमजोर तबकों को अच्छे दिन दिखाने के जो वादे किये थे। वो पूरे नहीं हुए, बल्कि धनवान लोगों को और धनवान बनाने और उनकी चौकीदारी में ही लगा दिया। पूंजीवादी सोच के कारण ही दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों अल्पसंख्यकों का कोई विकास नहीं हो सका है।
No comments:
Post a Comment